-लखनऊ में सीएम योगी का बयान: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बिगड़ रहा मौसम
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बार-बार बिगड़ रहे मौसम के पीछे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बड़ी वजह है। उन्होंने बताया कि ईरान और पाकिस्तान क्षेत्र में उठे बवंडर के कारण उत्तर भारत के मौसम पर असर पड़ रहा है, जिससे असमय बारिश और ओलावृष्टि जैसी स्थितियां बन रही हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश कृषि विज्ञान कांग्रेस-2026 का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। इस दौरान उन्होंने कृषि मौसम वैज्ञानिकों से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने वैज्ञानिकों से पूछा था कि खेती के समय अचानक मौसम क्यों बिगड़ जाता है। वैज्ञानिकों ने बताया कि ईरान और पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बादल नीचे आ जाते हैं, जिससे ओलावृष्टि और असमय बारिश की संभावना बढ़ जाती है। सीएम योगी ने कहा कि ऐसी चुनौतियां आगे भी आती रहेंगी, इसलिए किसानों को मजबूत बनाने के लिए देसी पद्धतियों और आधुनिक तकनीकों को विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी बार-बार भारतीय कृषि पद्धति को मजबूत करने पर जोर देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय दुनिया की अर्थव्यवस्था में भारत की हिस्सेदारी 44-45 प्रतिशत थी और इसका आधार कृषि, किसान और कारीगर थे। किसान केवल खेती ही नहीं करता था, बल्कि कारीगर और उद्यमी के रूप में भी अपनी पहचान बनाता था।

उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि और किसानों को प्राथमिकता दी है। उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को बड़ी राहत दी गई है। प्रदेश देश के कुल लगभग 55 प्रतिशत गन्ने का उत्पादन कर रहा है और एथेनॉल उत्पादन भी तेजी से बढ़ा है। सरकार गन्ना किसानों को डीबीटी के माध्यम से अब तक करीब 2.90 लाख करोड़ रुपये का भुगतान कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 122 चीनी मिलों में से 106-107 मिलें छह-सात दिनों के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं। इससे किसानों का भरोसा बढ़ा है और नई चीनी मिलें लगाने के लिए भी निवेशक आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसानों में सरकार के प्रति विश्वास की कमी थी। खेती में लागत अधिक और उत्पादन कम था, जबकि खरीद व्यवस्था पर बिचौलियों का दबदबा था। अब सरकार ने पारदर्शी खरीद व्यवस्था और स्पष्ट कृषि नीति लागू की है। गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले 15 दिनों से हो रही बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘उत्तर प्रदेश कृषि वैज्ञानिक सम्मान योजना 2025-26’ के तहत 15 वैज्ञानिकों को सम्मानित किया। साथ ही वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उत्तर प्रदेश कृषि विज्ञान अकादमी के 30 वैज्ञानिकों को भी सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवाचार पर चर्चा हुई तथा कई पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया गया।
