हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित आईटीआई बस्ती से मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच खाटू श्याम धाम के लिए डाक ध्वजा रवाना हुई। यात्रा से पहले श्रद्धालुओं ने पंचमुखी बालाजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और आरती कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।

आरती के बाद श्याम भक्तों ने जयकारों के साथ डाक ध्वजा यात्रा की शुरुआत की। धार्मिक उत्साह से ओत-प्रोत श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए खाटू श्याम धाम के लिए रवाना हुए। क्षेत्र में यात्रा को लेकर भक्तिमय माहौल बना रहा। आईटीआई बस्ती के श्याम भक्तों ने बताया कि पहली बार डाक ध्वजा लेकर खाटू श्याम धाम जाने का आयोजन किया गया है।

श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबा श्याम के दरबार में ध्वजा अर्पित करने से परिवार और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि आती है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्तों को शुभकामनाएं देकर विदा किया। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
