ऐलनाबाद। एएसपी फैजल खान ने मंगलवार को ऐलनाबाद थाना क्षेत्र के गांव मिठ्ठी सुरेरां, मिठनपुरा और किशनपुरा में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को नशे और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसे जड़ से समाप्त करने के लिए युवाओं को विशेष रूप से आगे आना होगा। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशा मुक्त समाज की स्थापना संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने गली-मोहल्ले और गांव की जिम्मेदारी समझते हुए सिरसा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करे। सामाजिक संस्थाएं, ग्राम पंचायतें, युवा क्लब और गांव स्तर पर गठित समितियां इस मुहिम को सफलता के शिखर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। एएसपी फैजल खान ने कहा कि नशे के दलदल में फंसकर युवा अपराध की ओर अग्रसर हो रहे हैं, जिसे रोकने के लिए गांवों में खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने नशे को मानव जीवन के लिए अभिशाप बताते हुए आमजन से अपील की कि नशे का कारोबार करने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाए।

इस दौरान उन्होंने जनसंवाद कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने छोटे-मोटे विवादों को पंचायत स्तर पर सुलझाने की सलाह दी, ताकि गांव में आपसी भाईचारा मजबूत बना रहे। साथ ही गांवों में आपसी सहमति से ठीकरी पहरा लगाने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस अभियान से प्रेरित होकर सामाजिक संस्थाएं और युवा संगठन भी आगे आकर सहयोग दे रहे हैं। एएसपी ने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आमजन की जान-माल की सुरक्षा पुलिस का परम दायित्व है, लेकिन जन सहयोग के बिना किसी भी अभियान की पूर्ण सफलता संभव नहीं है। साइबर अपराधों के संबंध में उन्होंने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि मोबाइल फोन पर प्राप्त किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान से बचा जा सके।
