हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत जोरावरपुरा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय परिसर में गुरुवार को ग्रामीणों की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने हिस्सा लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजप्रकाश स्वामी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएंगे और ग्रामीणों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वामी ने कहा कि पौधारोपण पुण्य का कार्य है। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण का आधार बनेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों की नियमित देखभाल करने तथा गांव को हरा-भरा बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए गांव में हरियाली बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। इस मौके पर अस्पताल स्टाफ से पलक देवी, महेंद्र, कुलदीप भाकर, महेंद्र जाट, सोहनलाल, रोहताश गोस्वामी, ओमप्रकाश वर्मा, महेंद्र गिरी, सुरेंद्र शर्मा, रामकुमार गिरी, विनोद नाई सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
