संगरिया। ग्रामोत्थान विद्यापीठ संचालित एसकेएम पब्लिक स्कूल में रविवार को केशव रंगशाला में शैक्षणिक क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के करीब 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राचार्य एस.के. मुरारी ने बताया कि प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में लिखित क्विज करवाई गई, जबकि दूसरे चरण में प्रोजेक्टर के माध्यम से ऑडियो-वीडियो क्विज आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों की सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और विषयगत समझ का परीक्षण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी छात्रों को सर छोटू राम स्मारक संग्रहालय का निःशुल्क भ्रमण भी करवाया गया। साथ ही एसकेएम के रोबोटिक क्लब के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का प्रदर्शन भी किया गया, जिन्हें देखकर बच्चों ने तकनीक और विज्ञान से जुड़ी कई नई जानकारियां प्राप्त कीं। प्रतियोगिता में कक्षा 3 से कक्षा 9 तक के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, सम्मान प्रतीक एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इनमें कक्षा 3 के हितांश, कक्षा 4 की धरा, कक्षा 5 की क्योनिष्का, कक्षा 6 के पार्थ, कक्षा 7 के हर्षित राठी, कक्षा 8 के वरुण कुमार और कक्षा 9 की आराध्या ने अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य एस.के. मुरारी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षकों की टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और नवाचार से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वहीं वरिष्ठ शिक्षक आस मोहम्मद खान ने छात्रों और उनके अभिभावकों को प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया।
