हनुमानगढ़। राजस्थान अधीनस्थ कंप्यूटर कर्मचारी संघ की जिला इकाई की बैठक शनिवार को जिला आईटी कार्यालय में आयोजित हुई। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बेनीवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक का मुख्य एजेंडा हनुमानगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष का निर्वाचन रहा। बैठक में मौजूद संघ के सदस्यों ने जिला न्यायालय में पदस्थापित सहायक प्रोग्रामर कुलविंद्र सिंह को सर्वसम्मति से हनुमानगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष चुना। निर्वाचन के बाद मौजूद सदस्यों ने नव निर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं। कुलविंद्र सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने की बात कही। बैठक में आईटी संवर्ग के पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज गौड़, पूर्व महासचिव भोजराज यादव, पूर्व कोषाध्यक्ष मकसूद, कोषाध्यक्ष नवीन गर्ग, कुलदीप चौधरी, प्रियंका बंसल, गुरप्रीत कौर, भंवरलाल और आदित्य कुमावत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान नवीन गर्ग, पंकज गौड़, प्रियंका बंसल और मकसूद ने अपने विचार रखे। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव भी रखे। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बेनीवाल ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले के सूचना सहायकों और सहायक प्रोग्रामरों से संबंधित मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर प्रदेश स्तर से आवश्यक कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।
