ऐलनाबाद। हरियाणा सरकार द्वारा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों की पदोन्नति सूची जारी की गई है। सूची के अनुसार दीपक मिर्धा, जो वर्तमान में खंड कृषि अधिकारी के रूप में कार्यरत थे, को उपमंडल कृषि अधिकारी (समकक्ष) पद पर पदोन्नत किया गया है। राजस्थान के मेड़ता सिटी निवासी दीपक मिर्धा ने ऐलनाबाद में खंड कृषि अधिकारी के रूप में 29 मई 2020 से 19 फरवरी 2026 तक सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण पहल कीं और विभाग की विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से खंड के सभी किसानों तक पहुंचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। वे अपने दादा स्व. राम रतन मिर्धा एवं पिता स्व. दौलत राम मिर्धा के विचारों और जीवनशैली से प्रेरित रहे हैं। दीपक मिर्धा वर्ष 2006 से हरियाणा में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी कार्यशैली की सराहना विभागीय उच्चाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समय-समय पर की जाती रही है। उन्होंने विभागीय योजनाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ लागू करते हुए किसानों तक लाभ पहुंचाया। जिला एवं उपमंडल प्रशासन द्वारा उन्हें गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छह बार उत्कृष्ट अधिकारी के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, चुनाव सहित विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का उन्होंने कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। पदोन्नति के अवसर पर कृषि विभाग ऐलनाबाद की टीम द्वारा उनके सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खंड के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित सदस्यों ने दीपक मिर्धा के कार्यकाल पर अपने विचार साझा किए और उनकी कार्यकुशलता व समर्पण की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर गगनदीप (कृषि विकास अधिकारी), रामचंद्र (बीटीएम), सलवंत (एटीएम), विपिन कुमार (एएस), रमेश कुमार (एएस), पूर्व खंड कृषि अधिकारी रामकुमार सुथार सहित विभाग के अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे।
