हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संकाय के बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर प्रथम सेमेस्टर के 40 छात्र-छात्राओं के लिए गुरुवार को संगरिया स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके) का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कृषि क्षेत्र की नवीन तकनीकों, अनुसंधान गतिविधियों तथा व्यावहारिक ज्ञान से परिचित कराना रहा। केवीके प्रथम के प्रधान वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार ने छात्र-छात्राओं को केन्द्र की प्रमुख गतिविधियों जैसे उन्नत फसल उत्पादन तकनीक, मृदा परीक्षण, बीज उत्पादन, कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा कृषि नवाचार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अनुसंधान आधारित कृषि को अपनाने और किसानों तक तकनीक पहुंचाने में भावी कृषि वैज्ञानिकों की भूमिका पर प्रेरक मार्गदर्शन भी दिया। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने केवीके परिसर में संचालित विभिन्न प्रायोगिक प्रदर्शन, मॉडल्स तथा प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और विशेषज्ञों से प्रत्यक्ष संवाद किया। छात्र-छात्राओं ने इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने शैक्षणिक भ्रमण को छात्र-छात्राओं के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। जुनेजा ने कहा कि ऐसे भ्रमण कक्षा शिक्षण के साथ-साथ वास्तविक क्षेत्रीय अनुभव प्रदान करते हैं। इससे छात्र-छात्राएं भविष्य में कुशल कृषि वैज्ञानिक एवं उद्यमी बन सकेंगे। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विष्णु मूंड, सूरज कुमार, पूजा, अमिता मीना मौजूद रहे।
