गाजियाबाद। लोनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने तथाकथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे देश का माहौल खराब करने की एक सुनियोजित साजिश बताते हुए दावा किया कि इसके पीछे विदेशी ताकतों, संदिग्ध फंडिंग और कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी तत्वों का हाथ हो सकता है। नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम पर देश में सामाजिक और राजनीतिक अस्थिरता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और भारत में जिहादी सोच रखने वाले लोग इस अभियान को फॉलो कर रहे हैं, जिससे इसके समर्थकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू समाज के कुछ लोग भी इसके प्रभाव में आ गए हैं। बीजेपी विधायक ने दावा किया कि विपक्षी दलों और विदेशी एजेंसियों की मदद से देश में माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों से देश में तनाव का वातावरण बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। गुर्जर के मुताबिक, उनकी दिल्ली में कांग्रेस के एक राष्ट्रीय महासचिव से मुलाकात हुई थी, जिन्होंने कथित तौर पर उन्हें बताया कि देश में गृह युद्ध जैसे हालात पैदा करने और विभिन्न स्थानों पर दंगे भड़काने की रणनीति बनाई जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग जातियों और समाजों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार ब्राह्मण, ठाकुर, गुर्जर और कुर्मी समाज को आपस में लड़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे उन्होंने विपक्ष और जिहादी सोच से जोड़कर देखा। नंद किशोर गुर्जर ने अपने बयान में पूर्व की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने सम्राट मिहिर भोज विवाद का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी कथित तौर पर हवाला फंडिंग जैसी बातें सामने आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान समाजवादी पार्टी दंगे कराने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सफल नहीं हो पाई। बीजेपी विधायक ने कहा कि विपक्षी दल देश में अस्थिरता पैदा करने की राजनीति कर रहे हैं और अब युवाओं को आगे कर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम पर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों का समर्थन मिलने से यह अभियान आगे बढ़ रहा है। गुर्जर ने कहा कि वह इस पूरे मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखेंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक प्रचार या बहकावे में न आएं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसी किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगे। हालांकि, विधायक द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित पक्षों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
