रावतसर। रावतसर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा मातम में बदल गई। हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी नरेश कुमार द्वारा रावतसर थाने में दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के अनुसार 21 मार्च की सुबह करीब 9 बजे उनका चाचा का लड़का सुभाष उर्फ कान्हाराम सहित कई श्रद्धालु जीप में सवार होकर खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे।

रास्ते में धन्नासर गांव के पास पल्लू की ओर मोड़ के नजदीक एक पेट्रोल पंप के पास तेज गति और लापरवाही से आ रहे ट्रक ट्रेलर ने जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप पलट गई और सुभाष उर्फ कान्हाराम ट्रक के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सोनू, मयंक, मुकेश, राकेश और पंकज घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत रावतसर के राजकीय चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुकेश, मयंक और राकेश को प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) व 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उप निरीक्षक विजेंद्र शर्मा को सौंपी गई है और पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
संवाददाता- जगत जोशी
