हनुमानगढ़। खेत में काम कर रही एक महिला के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और लूट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। चक 18 एनडीआर ढाणी निवासी ने थाना महिला हनुमानगढ़ में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। प्रार्थना पत्र के अनुसार 8 मई 2026 को दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच पीड़िता अपने खेत चक 18 एनडीआर में काम कर रही थी। इसी दौरान दो ट्रैक्टरों पर सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि निवासी चक हरीपुरा सहित 7–8 अन्य लोग लाठी-गंडासे से लैस होकर खेत में आए और पीड़िता को अकेला देखकर हमला कर दिया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने पहले उसे पकड़कर बांहों में जकड़ लिया और अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर लाठी-गंडासों से बेरहमी से मारपीट की गई और जमीन पर गिरा दिया गया। आरोप है कि विनोद ने अजय को उसके ऊपर बैठने के लिए कहा, जिसके बाद अजय ने महिला को दबाकर रखा और दिनेश ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान महिला के गले में पहना सोने का लॉकेट भी तोड़कर छीन लिया गया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों की मारपीट और दबाव के कारण वह बेहोश हो गई। बाद में उसे होश आने पर टाउन अस्पताल में भर्ती पाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा जांच शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
