हनुमानगढ़। शहर में ईद-उल-फितर का पर्व आस्था और आपसी भाईचारे के माहौल में मनाया गया। जंक्शन स्थित कब्रिस्तान मस्जिद में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर देश-प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। शाही इमाम मौलना आजम अली अशरफी के नेतृत्व में नमाज अदा कराई गई। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की।

विधायक गणेश राज बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवां, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व पार्षद अब्दुल हाफिज, मुस्लिम समाज सुधार समिति के जिलाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, नायक समाज के प्रदेशाध्यक्ष नारायण नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि मस्जिद पहुंचे और नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने मुस्लिम समाज के लोगों को गले लगाकर ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी और प्रदेश व देश में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को और मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें आपसी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के करीब आने और समाज में एकता स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सभी धर्मांे और समुदायों के लोग मिलजुलकर रहें, यही हमारे देश की असली पहचान है।

उन्होंने प्रदेश और देश में अमन-चैन, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए गंगा-जमुनी तहजीब की इस परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर मोहन इंदलिया, अली हसन, जयराम ढुकिया, आमिर खान, शाहरूख कुरैशी, सुरेन्द्र खटीक, फिरोज खान, खुशी अमलानी, बंशी खन्ना, बलविन्द्र बराड़, राजेश बागड़ी, अंशुमन, नंद किशोर आदि मौजूद थे।
