हनुमानगढ़। तलवाड़ा झील व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने गेहूं खरीद के लक्ष्य को बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को एडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2026-27 की गेहूं खरीद के दौरान मंडी में कई समस्याएं सामने आ रही हैं, जिनका समाधान आवश्यक है। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाषचन्द्र बालासरिया ने बताया कि वर्तमान में तलवाड़ा झील मंडी का गेहूं खरीद लक्ष्य 3,65,220 बैग निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्षांे की तुलना में काफी कम है। इससे व्यापारियों और किसानों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षांे में खरीद का आंकड़ा इससे कहीं अधिक रहा है, जबकि इस वर्ष लक्ष्य में कटौती कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि प्राइवेट भाव अधिक रहने के कारण सरकारी खरीद लगातार प्रभावित हो रही है, जिससे मंडी में संतुलन नहीं बन पा रहा। व्यापारियों ने मांग की कि खरीद लक्ष्य बढ़ाकर कम से कम 6 लाख बैग किया जाए, ताकि किसान अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सकें और मंडी में व्यापार सुचारू रूप से चल सके। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि उक्त विषय पर गंभीरता से विचार कर जल्द उचित निर्णय लिया जाए, जिससे किसानों को राहत मिल सके और खरीद व्यवस्था में सुधार हो।
