हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के विधि विभाग की ओर से ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (एआईबीई) की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए नि:शुल्क विशेष कोचिंग बैच का शुभारंभ किया गया है। इस पहल का उद्देश्य विधि छात्र-छात्राओं को परीक्षा में सफल बनाकर उन्हें योग्य, सक्षम एवं नैतिक अधिवक्ता के रूप में तैयार करना है। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने अपने संबोधन में कहा कि एआईबीई केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि विधि व्यवसाय में प्रवेश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बेयर एक्ट्स की गहन समझ विकसित करने, नवीनतम संशोधनों से अवगत रहने तथा नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने छात्र-छात्राओं को इस मौके का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए इसे उनके करियर के लिए अहम बताया। इस मौके पर रजिस्ट्रार डॉ. मयंक माथुर सहित विधि संकाय के सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे और छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। विधि विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रम मेहरा ने बताया कि यह दो सप्ताह का गहन प्रशिक्षण कोर्स छात्र-छात्राओं को परीक्षा के लिए पूर्ण रूप से तैयार करेगा। कोर्स के तहत ‘बेयर एक्ट्स व संशोधनों की जानकारी, महत्वपूर्ण केस लॉ का अध्ययन, बहुविकल्पीय प्रश्न और केस आधारित प्रश्नों का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही परीक्षा उन्मुख रणनीति एवं समय प्रबंधन पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कोचिंग की प्रमुख विशेषताओं में अनुभवी संकाय की ओर से मार्गदर्शन, परीक्षा उन्मुख तैयारी और नियमित अभ्यास शामिल हैं। यह कोचिंग पूर्णत: नि:शुल्क है और कक्षाएं सोमवार से प्रारंभ हो चुकी हैं। सीमित सीटों के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम का मंच संचालन आस्था मिश्रा ने किया।
