हनुमानगढ़। बढ़ती महंगाई के विरोध में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आमजन को राहत देने की मांग की। ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम उपभोक्ता का बजट बिगड़ता जा रहा है। घरेलू एलपीजी गैस, कॉमर्शियल गैस और औद्योगिक डीजल के दामों में वृद्धि के कारण बाजार में वस्तुओं के दाम 10 से 40 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि एक ओर सरकार गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम उपभोक्ता को गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। घरेलू गैस की कालाबाजारी बढ़ रही है और होम डिलीवरी व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कॉमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट, ठेले और रेहड़ियों पर मिलने वाली खाद्य सामग्री के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आमजन के लिए रोजमर्रा का खर्च बढ़ गया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के दाम पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा से अधिक हैं। साथ ही बिजली दरों में लगातार वृद्धि ने आम उपभोक्ता की परेशानी और बढ़ा दी है। आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की कि 450 रुपए में घरेलू एलपीजी गैस उपलब्ध करवाई जाए। पेट्रोल-डीजल के दाम पड़ोसी राज्यों के बराबर किए जाएं। बिजली दरों में सरचार्ज समाप्त कर राहत दी जाए। सरस डेयरी उत्पादों के दाम घटाए जाएं। सरकारी अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो। कालाबाजारी करने वाली गैस एजेंसियों के लाइसेंस रद्द किए जाएं। खाद्य वस्तुओं की स्टॉक सीमा तय कर जमाखोरी पर रोक लगाई जाए। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर संगठन सचिव राजवीर माली, लीलाधर भाट, गुलशन सोनी, जयपाल स्वामी, राजकुमार गर्ग, दयानंद झा, मुकेश सेवटा, पूनम रैगर, राजेंद्र रैगर, गगन वर्मा, मदनलाल, सतपाल सोनी, अजीत झा मौजूद रहे।
