हनुमानगढ़। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की दर्जनभर महिला कांस्टेबलों ने शनिवार को डब्बरवाला खुन्जा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिला कांस्टेबलों ने छात्राओं को बताया कि यदि मॉल, पार्क या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार की छेड़छाड़ होती है तो वे तुरंत दूरभाष के माध्यम से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को सूचना दें। टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराएगी। छात्राओं को मोबाइल फोन में राजकॉप सिटीजन एप डाउनलोड करने की भी सलाह दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा के लिए 1090 और 112 हेल्पलाइन नम्बर तथा साइबर अपराधों के लिए 1930 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। महिला कांस्टेबल माया ने बताया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट राजस्थान पुलिस की विशेष पहल है, जो महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए कार्यरत है। यूनिट की सदस्याएं स्कूल, कॉलेज और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित गश्त करती हैं तथा मनचलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करती हैं। उन्होंने बताया कि यदि कहीं छेड़छाड़ की सूचना मिलती है तो टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करती है। साथ ही टीम के मोबाइल नम्बर भी सार्वजनिक किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर छात्राएं सीधे संपर्क कर सकें। रेल में यात्रा करने वाली छात्राओं को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए 182 नम्बर पर संपर्क कर रेलवे पुलिस से सहायता लेने की जानकारी दी गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य सीताराम ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं व बालिकाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हुई है, ऐसे में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने राजस्थान पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे बिना भय के अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हो सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय स्तर पर भी छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
