ऐलनाबाद। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित फील्ड ट्रेनर्स की कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला के अंतिम दिन प्रतिभागियों को हाउस लिस्टिंग एप से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का लेआउट मैप तैयार करने, हाउस लिस्टिंग एप पर डाटा दर्ज करने तथा सर्वे के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही एप के सही उपयोग के लिए व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया। कार्यशाला में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु और एसोसिएट प्रोफेसर एवं मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र कुमार ने जनगणना की पूरी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से लेआउट मैप तैयार करने की प्रक्रिया पर जोर देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र का सटीक और व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा सकता है। इस दौरान प्रतिभागियों को हाउस लिस्टिंग एप इंस्टॉल करने, आईडी बनाने, लॉगिन करने तथा एप को सही तरीके से संचालित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। मास्टर ट्रेनर ने एप के माध्यम से डाटा सबमिट करने की प्रक्रिया और संभावित त्रुटियों से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से फील्ड ट्रेनर्स को तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा रहा है, ताकि सर्वे कार्य को सुचारु रूप से संपन्न किया जा सके। उन्होंने बताया कि हाउस लिस्टिंग के अंतर्गत पूछे जाने वाले कुल 34 प्रश्नों को भी विस्तार से समझाया गया, जिनमें परिवार की संरचना, आवास की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारी शामिल है। साथ ही फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।
संवाददाता- रमेश भार्गव
