हनुमानगढ़। कैंसर की समय रहते पहचान एवं प्राथमिक उपचार के लिए बीकानेर से मोबाइल कैंसर निदान वैन सोमवार को हनुमानगढ़ पहुंची। इस वैन के माध्यम से जिले में 5 से 9 जनवरी तक 5 जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें कैंसर को लेकर जागरुकता के प्रयास भी किए जाएंगे। पहले दिन टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में शिविर लगाया गया। वैन के साथ डिस्ट्रिक्ट नोडल-कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. प्रेम कुमार रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने वैन में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि 5 से 9 जनवरी तक जिले में मोबाइल कैंसर निदान वैन के जरिए 5 जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।

6 जनवरी को सीएचसी गोलूवाला, 7 जनवरी को सीएचसी संगरिया, 8 जनवरी उपजिला अस्पताल नोहर एवं 9 जनवरी को उपजिला अस्पताल भादरा में मोबाइल कैंसर निदान वैन के जरिए जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में ओपीडी समय के दौरान ही मौके पर मैमोग्राफी, सीबीई, ओरल विजुअल एग्जामिनेशन, डिजिटल एक्स-रे, कोल्पोस्कोप, वीआईए, बीपी, आरबीएस आदि जांच की निशुल्क व्यवस्था रहेगी। इस प्रकार मोबाइल वैन पर गले, बच्चेदानी के मुंह, ब्रेस्ट और फेफड़ों के कैंसर की जांच के सभी उपकरण मौजूद हैं। मोबाइल वैन पर ऑकोलॉजिस्ट, ईएनटी विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सहित रेडियोग्राफर तथा नर्सिंग अधिकारियों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर 90 प्रतिशत से अधिक कैंसर रोगियों का पूरा उपचार संभव है।

कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि अगर कोई मैमोग्राफी करवाता है तो करीब दो हजार रुपए की जांच होती है लेकिन सरकार की योजना के तहत इसकी जांच नि:शुल्क की जाती है। इसके अलावा अन्य जांचें भी नि:शुल्क की जा रही हैं। शिविर के लिए क्षेत्र के सभी स्टाफ एवं आशा सहयोगिनियों के माध्यम से आमजन को संदेश पहुंचाया गया है ताकि अधिकाधिक लोग अपनी जांच करवा सकें। गौरतलब है कि इससे पूर्व 21 से 25 अप्रेल 2025 को जिले में मोबाइल कैंसर निदान वैन के जरिए पांच जांच शिविर आयोजित किए गए थे, जिसमें 214 लोगों ने अपनी जांच करवाकर परामर्श एवं उपचार लिया था। इस मौके पर पीएमओ डॉ. शंकर सोनी सहित अन्य अधिकारी व अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।
