हनुमानगढ़। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने सट्टा खाईवाली करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 95,620 रुपये की सट्टा राशि बरामद की है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा तथा अन्य अवैध धंधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद तथा वृताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में थानाधिकारी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए फोर्ट स्कूल ग्राउंड के पीछे वाली गली, हनुमानगढ़ टाउन से आरोपी राजेन्द्र कुमार पुत्र पतराम मेघवाल (42) निवासी वार्ड नंबर 25, चुंगी नंबर 06, हनुमानगढ़ टाउन को सट्टा खाईवाली करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से 95,620 रुपये की सट्टा राशि बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान पब्लिक गैंबलिंग ऑर्डिनेंस की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी हनुमानगढ़ टाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम में शामिल:
उपनिरीक्षक भूपसिंह और कांस्टेबल शिशपाल पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन।
विशेष भूमिका:
जिला विशेष टीम, सेक्टर हनुमानगढ़।
