– ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत 10 टीमों ने करीब 30 चिन्हित ठिकानों पर दी दबिश- 60 पुलिसकर्मी रहे तैनात, संदिग्धों से पूछताछ और वाहनों की जांच से मचा हड़कंप
हनुमानगढ़। अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूहÓ के तहत हनुमानगढ़ पुलिस ने मंगलवार अलसुबह सदर थाना क्षेत्र के गांव डबलीराठान में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर कई संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के गांव में पहुंचने से नशा तस्करों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशानुसार अभियान की कमान सीओ सिटी मीनाक्षी सहारण ने संभाली। उनके नेतृत्व में सदर थाना, हनुमानगढ़ जंक्शन, हनुमानगढ़ टाउन और महिला थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की।

अभियान में 10 पुलिस टीमों के करीब 60 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने डबलीराठान में पूर्व में चिह्नित करीब 30 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों की गहनता से जांच की गई तथा कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने डिटेन कर पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान कुछ संदिग्ध वाहनों को भी जब्त किए जाने की सूचना है। पुलिस की ओर से संदिग्धों के आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। अभियान में सदर थाना प्रभारी राजीव रॉयल, हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल, महिला थाना प्रभारी चन्द्रकला, डबलीराठान चौकी प्रभारी रमेश कुमार तथा एसआई गजेन्द्र शर्मा सहित संबंधित थानों का जाप्ता शामिल रहा। इसके अलावा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और पुलिस लाइन के जवानों ने भी अभियान में मोर्चा संभाला।

नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जिले में अपराध और मादक पदार्थांे से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस विभिन्न क्षेत्रों में सूचनाएं संकलित कर संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों को चिह्नित कर रही है और इसके बाद एरिया डोमिनेशन अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य नशे की गिरफ्त में फंस रहे युवाओं को बचाना और नशा तस्करों व आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करना है। डबलीराठान में मंगलवार सुबह हुई कार्रवाई को भी इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
