हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र के अहमदपुरा गांव में दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार काला सिंह (54) पुत्र दर्शन सिंह निवासी वार्ड नम्बर 4, अहमदपुरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 14 जून को दोपहर के समय परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। करीब 2.30 बजे उसका 19 वर्षीय पुत्र वारिशदीप घर पहुंचा तो उसने देखा कि घर के कमरों के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलने पर काला सिंह तुरंत घर पहुंचा और जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर घर से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ले गए हैं। चोरी हुए सामान में करीब 2.5 तोला सोने की कंठी, 1.5 तोला वजन की तीन सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने की बालियां, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो सोने की ताबीज, एक सोने का कड़ा, पुरुषों की एक जोड़ी सोने की बालियां, 150 ग्राम और 50 ग्राम वजन की दो जोड़ी चांदी की पायल तथा 1 लाख 6 हजार रुपए नकद शामिल हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास पूछताछ की, लेकिन चोरी करने वालों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस थाना पीलीबंगा में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार को सौंपी है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
