हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में होटल बंद कर रहे एक कारोबारी पर ईंट से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पुत्र की रिपोर्ट पर जंक्शन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुनील कुमार (42) पुत्र जमनदास निवासी वार्ड नम्बर 52, शिव पार्क के पास, जंक्शन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पिता सुरेशिया पुलिस चौकी के पास स्थित शराब ठेके के सामने होटल संचालित करते हैं। घटना 13 जून की रात करीब 8 से 8.30 बजे की बताई गई है। उस समय होटल बंद किया जा रहा था और सुनील कुमार भी अपने पिता की मदद के लिए मौके पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान राकेश उर्फ शाहरुख खान पुत्र प्रेम कुमार निवासी सुरेशिया, वार्ड 59 होटल पर आया और होटल बंद नहीं करने की बात कहने लगा। उसने कथित तौर पर वहां बैठकर शराब पीने की इच्छा जताई। रिपोर्ट के अनुसार होटल संचालक ने उसे स्पष्ट रूप से मना कर दिया और कहा कि होटल में शराब पीने की अनुमति नहीं है। इस बात से नाराज होकर आरोपी जबरन होटल के अंदर घुस गया और होटल संचालक के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने लगा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद आरोपी बाहर से एक ईंट उठाकर लाया और होटल के अंदर घुसकर होटल संचालक के सिर पर वार कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को तुरंत टाउन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल विजय सिंह को सौंपी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
