हनुमानगढ़। जिले के भादरा थाना क्षेत्र के गांव मालकस में पुरानी रंजिश को लेकर एक अधेड़ के साथ मारपीट और घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। भादरा थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मांगेराग (65) पुत्र पतराम मेघवाल निवासी मालकस ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 14 जून को दोपहर करीब चार बजे वह गांव के मुख्य चौक में सब्जी लेने गया था। वहां कुछ लोगों से बातचीत के दौरान गांव निवासी विकास पुत्र हुणताराम मेघवाल आया और कथित रूप से जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट के अनुसार जान बचाने के लिए मांगेराग अपने घर में चला गया, लेकिन कुछ देर बाद विकास, उसके पिता हुणताराम, सिलोचना पत्नी हुणताराम, प्रमिला, पूनम तथा दो अन्य युवतियां कथित रूप से एकजुट होकर उसके घर में घुस गए। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि विकास ने कुल्हाड़ी से उसके हाथ पर वार किया, जिससे बाएं हाथ की अंगुली में फ्रैक्चर हो गया। वहीं हुणताराम ने लाठी से सिर पर वार किया। अन्य आरोपियों ने भी लाठियों से मारपीट कर चोटें पहुंचाईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ वर्ष पूर्व भी आरोपियों के साथ मारपीट का विवाद हुआ था, जिसका समझौता पंचायत स्तर पर हो गया था। इसके बावजूद आरोपी परिवार रंजिश रखता था। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल अशोक कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
