लखनऊ। योगी सरकार की दिव्यांगजन हेल्पलाइन जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की टोल-फ्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों में से 96.38 फीसदी का निस्तारण कर दिया गया है। सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से दिव्यांगजनों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1995 पर कुल 7,707 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 7,428 शिकायतों का सफलतापूर्वक समाधान किया गया। विभाग के अनुसार यह उपलब्धि दिव्यांगजनों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता, जवाबदेही और सेवा भावना को दर्शाती है। हेल्पलाइन पर सबसे अधिक शिकायतें दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (पेंशन) योजना से संबंधित प्राप्त हुईं। इसके अलावा स्वावलंबन कार्ड, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना, शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार तथा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना से जुड़ी शिकायतें भी बड़ी संख्या में दर्ज की गईं। विभाग का कहना है कि स्वावलंबन कार्ड, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना सहित कई महत्वपूर्ण मामलों में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण किया गया है। शिकायतों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी लाभार्थी को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। अधिकारियों के अनुसार हेल्पलाइन व्यवस्था दिव्यांगजनों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन गई है। लाभार्थी अपनी शिकायत, समस्या अथवा योजनाओं से संबंधित जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से शिकायतों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उप निदेशक डॉ. अमित कुमार राय ने बताया कि सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में प्राप्त शिकायतों में से 96.38 फीसदी का निस्तारण किया जा चुका है। विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
