- शुक्रवार को हनुमानगढ़, पीलीबंगा और गोलूवाला में होगा मतदान, 193 मतदान केंद्रों पर 386 पुलिस एवं होमगार्ड कर्मी रहेंगे तैनात, संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त जाब्ता
हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत जिले की नगर परिषद हनुमानगढ़, पीलीबंगा एवं गोलूवाला नगरपालिकाओं में 11 सितंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान उपरांत ईवीएम मशीनों को संबंधित नगर निकाय मुख्यालयों पर स्थापित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।

समस्त पुलिस व्यवस्था की प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (त्वरित अनुसंधान दल) राजकंवर होंगी। वहीं पीलीबंगा एवं गोलूवाला की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नोहर) गीता चौधरी संभालेंगी।
120 वार्ड, 193 मतदान केंद्र
द्वितीय चरण में तीन नगरीय निकायों के 120 वार्डों के लिए कुल 193 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हनुमानगढ़ नगर परिषद में 60 वार्डों के लिए 133 मतदान केंद्र, पीलीबंगा में 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्र तथा गोलूवाला में 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। कुल 91 मतदान केंद्र लोकेशन, 25 मोबाइल पार्टियां तथा 35 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं।
386 पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों की तैनाती
सभी 193 मतदान केंद्रों पर एक-एक पुलिसकर्मी एवं एक-एक होमगार्ड की तैनाती की गई है। इस प्रकार 386 पुलिस एवं होमगार्ड कर्मी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था संभालेंगे। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अलग-अलग कतारें, शांतिपूर्ण मतदान तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
25 मोबाइल पार्टियां और 15 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी
मतदान के दौरान 25 पुलिस मोबाइल पार्टियां लगातार क्षेत्रों का भ्रमण करेंगी। इनमें हनुमानगढ़ में 18, पीलीबंगा में 4 तथा गोलूवाला में 3 मोबाइल पार्टियां तैनात रहेंगी। इसके अतिरिक्त 15 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था बनाए रखेंगे।
35 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा
हनुमानगढ़, पीलीबंगा एवं गोलूवाला में कुल 35 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
गुरुवार को मतदान दलों को किया रवाना
मतदान दलों की रवानगी गुरुवार को हनुमानगढ़ नगर परिषद के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा के लिए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पीलीबंगा तथा गोलूवाला के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोलूवाला सिंहागान से की गई। इन्हीं स्थलों को मतगणना स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है। मतगणना 14 सितंबर को होगी।
ईवीएम सुरक्षा एवं नियंत्रण कक्ष
जिले के सभी स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए ई-कंपनी, तृतीय बटालियन बीकानेर का सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा। जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष भी चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा तथा सभी मोबाइल पार्टियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को वायरलेस संचार सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने तथा अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है।
