– राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से रैली को प्रधानाचार्य श्वेता चौधरी ने दिखाई हरी झंडी, पुलिस प्रशासन व ग्रामीणों ने दिया सहयोग
हनुमानगढ़। गांव गुरुसर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त जागरूक अभियान गुरुसर’ के तहत सोमवार को जागरूकता रैली निकाली गई। अभियान के संस्थापक जसप्रीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित रैली का शुभारंभ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुरुसर से हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्वेता चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में पुलिस प्रशासन, विद्यालय की प्रधानाचार्य, सरपंच, गांव के प्रतिनिधि, पूर्व सरपंच एवं गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर अभियान को सहयोग एवं समर्थन दिया। बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। जागरूकता रैली के दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘नशे से दूरी, जिंदगी जरूरी’ और ‘युवा जागेगा, नशा भागेगा’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली के दौरान ग्रामीणों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया गया। अभियान के संस्थापक जसप्रीत सिंह ने कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य केवल रैली निकालना नहीं, बल्कि गांव के युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल, योग, व्यायाम, गुरमुखी एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। इस अवसर पर अभियान टीम ने पुलिस प्रशासन, प्रधानाचार्य श्वेता चौधरी, सरपंच, गांव के प्रतिनिधियों, पूर्व सरपंचों, ग्रामीणों तथा विशेष रूप से रैली में शामिल विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। अभियान के दौरान ‘नशा मुक्त गुरुसर-स्वस्थ गुरुसर-खुशहाल गुरुसर’ का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने बताया कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
