हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में निर्माणाधीन मकानों से कॉपर वायर और अन्य सामान चोरी होने के दो मामले सामने आए हैं। इस संबंध में हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार तेजस्वी पाल मेहरड़ा पुत्र भोपालराम निवासी वार्ड 12, संगरिया हाल एफ-136 सिविल लाइंस, हनुमानगढ़ जंक्शन और मुकेश कुमार पुत्र पूर्णराम निवासी मकान नम्बर जी-149 सिविल लाइंस, हनुमानगढ़ जंक्शन ने थाने में रिपोर्ट दी है कि उनके निर्माणाधीन मकानों से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए। रिपोर्ट में बताया गया कि 4 मार्च की रात को अज्ञात व्यक्ति तेजस्वी पाल के निर्माणाधीन मकान में घुसकर करीब 10 हजार मीटर कॉपर वायर, तांबे की दो टोंटियां, तीन बाल और कॉपर वायर के पांच बंद डिब्बे चोरी कर ले गए। वहीं 7 मार्च की रात को मुकेश कुमार के निर्माणाधीन मकान में भी अज्ञात व्यक्ति घुस गए और वहां से करीब 800 मीटर कॉपर वायर और निर्माण कार्य में उपयोग होने वाला लोहे का सामान चोरी कर ले गए। चोरी की घटना के बाद आसपास तलाश और पूछताछ की गई, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। बाद में मुकेश कुमार ने पड़ोसी मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो उसमें 7 मार्च की रात करीब 10 बजे दो अज्ञात व्यक्ति चोरी करते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई कृष्ण कुमार को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
