हनुमानगढ़/नोहर। नेठराना के मासूम बालक अभिषेक शर्मा की हत्या का मामला सोमवार को एक बार फिर विधानसभा में गूंजा। नोहर विधायक अमित चाचाण ने प्रश्नकाल के दौरान मामला उठाते हुए गृह राज्यमंत्री से विशेष संज्ञान लेकर हत्या का शीघ्र खुलासा करने की जोरदार मांग की। विधायक चाचाण ने सदन में कहा कि घटना को करीब 12 दिन बीत जाने के बावजूद भी अभिषेक शर्मा के हत्यारे पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस अंधेरे में तीर चला रही है और अब तक उसके हाथ खाली हैं। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं और सोमवार को भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों व महिलाओं ने गोगामेड़ी पुलिस थाने का घेराव किया। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले का खुलासा नहीं हुआ तो जनाक्रोश और बढ़ सकता है। वहीं, मासूम की हत्या का रहस्य बरकरार रहने से पूरे जिले में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस पर अब जल्द कार्रवाई कर हत्याकांड का पर्दाफाश करने का दबाव बढ़ गया है।
