ऐलनाबाद। आयुष विभाग द्वारा नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जयंती पर सूर्य नमस्कार अभियान-2026 के अंतर्गत स्थानीय सी.एम. के नेशनल पी.जी. महाविद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला योग समन्वयक डॉ. सुरेंद्रपाल नागर ने विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को सूर्य नमस्कार की तकनीकी जानकारी देते हुए विधिवत सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया। उन्होंने सूर्य नमस्कार के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकृष्ण खोथ ने महान स्वतंत्रता सेनानी नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया तथा सूर्य नमस्कार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

प्रिंसिपल रंजना ग्रोवर ने अपने संबोधन में योग के महत्व को बताते हुए इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। वहीं योग क्लब की प्रधान दीपिका शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वालों की सराहना की। कार्यक्रम में आयुष योग सहायक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
