हनुमानगढ़। जिले में शुक्रवार अलसुबह मानसून ने एक बार फिर दस्तक दी। नोहर, भादरा तहसील और टिब्बी क्षेत्र के गांवों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। वहीं दूसरी ओर हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर बारिश नहीं होने से दिनभर उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। जिला मुख्यालय पर बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं होने से लोग उमस से बेहाल रहे। सुबह से लेकर दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन राहत की बूंदें नहीं बरसीं। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी भागों के ऊपर बना ऊपरी परिसंचरण तंत्र सक्रिय है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना एक अन्य परिसंचरण तंत्र अगले 24 घंटे में कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। शुक्रवार को मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर और दिल्ली से होकर गुजर रही है, जिससे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 8 से 10 अगस्त के दौरान पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। वहीं 15 अगस्त के बाद राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अनुमान के अनुरूप बारिश होती है तो हनुमानगढ़ जिले में भी किसानों को राहत मिलेगी और खरीफ फसलों को लाभ पहुंचेगा। फिलहाल लोगों की नजरें आगामी दो-तीन दिनों के मौसम पर टिकी हुई हैं।
