हनुमानगढ़। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद सदस्यों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें राजकीय जिला चिकित्सालय में दो न्यूरो सर्जन तथा रावतसर के राजकीय चिकित्सालय में एक आर्थो विशेषज्ञ (हड्डी रोग विशेषज्ञ) की शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई। परिषद जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि जिला चिकित्सालय में वर्तमान में एक भी न्यूरो सर्जन उपलब्ध नहीं है। इसके चलते गंभीर न्यूरो संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए बीकानेर, जयपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। साथ ही समय पर उपचार नहीं मिलने से स्वास्थ्य जोखिम भी बढ़ जाता है। इसी प्रकार रावतसर के राजकीय चिकित्सालय में आर्थो डॉक्टर की कमी लंबे समय से बनी हुई है। क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं, गिरने तथा अन्य कारणों से हड्डी संबंधी चोटों के मामले लगातार सामने आते रहते हैं, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में मरीजों को हनुमानगढ़ या अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। इससे ग्रामीण व दूरदराज के लोगों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रवीण जैन ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है, ऐसे में जिले की इन महत्वपूर्ण आवश्यकताओं पर भी प्राथमिकता से ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जिला अस्पताल में न्यूरो सर्जन और रावतसर में आर्थो विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाती है तो हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि आमजन की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक डॉक्टरों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। इससे न केवल मरीजों की परेशानी कम होगी, बल्कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था भी मजबूत होगी। इस मौके पर रामगोपाल जैन, दिनेश शर्मा, राजपाल नोखवाल, संतलाल, विनोद कुमार, ओमप्रकाश, जीत सिंह मौजूद थे।
