– 29 अक्टूबर से काली पट्टी बांधकर विरोध, 2 नवंबर से पीलीबंगा में कार्य बहिष्कार करेंगे पटवारी
हनुमानगढ़। सूरतगढ़ थाना प्रभारी कलावती और अन्य पुलिसकर्मियों की ओर से पटवारी देवीलाल को कथित रूप से अवैध हिरासत में लेकर मारपीट करने और अमानवीय व्यवहार का मामला बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक तक पहुंच गया है। राजस्थान पटवार संघ बीकानेर संभाग के प्रतिनिधियों ने बुधवार को बीकानेर में पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने और मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच करवाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। संघ पदाधिकारियों के अनुसार, 22 अक्टूबर को पीलीबंगा तहसील में कार्यरत पटवारी देवीलाल अपनी पत्नी को चिकित्सकीय जांच के लिए स्कूटी से सूरतगढ़ ले जा रहे थे। हेलमेट नहीं पहनने पर यातायात चालान की कार्रवाई करने के बजाय उन्हें जबरन थाने ले जाकर मारपीट और गाली-गलौज की गई। इस संबंध में 23 अक्टूबर को श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक और जिला कलक्टर को शिकायत दी गई थी। संघ का आरोप है कि दो दिन में कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। राजस्थान पटवार संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर 29 अक्टूबर से हनुमानगढ़ जिले के पटवारी काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। 2 नवंबर से पीलीबंगा तहसील में बेमियादी कार्य बहिष्कार और 10 नवंबर से पूरे हनुमानगढ़ जिले में बेमियादी कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर राजस्थान पटवार संघ के हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष अमर सिंह दहिया, बीकानेर जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र बिश्नोई, चूरू जिला महामंत्री रतीराम, रणजीत खाती, विकास शर्मा, गगनबोधि, देवीलाल, पर्वत सिंह, विनोद ताखर और विजय तरड़ सहित संभाग के अनेक पटवारी व गिरदावर मौजूद रहे।
