ऐलनाबाद। पतंजलि योग परिवार ऐलनाबाद के तत्वावधान में स्थानीय सनातन धर्मशाला में सह-राज्य प्रभारी एवं मुख्य योग शिक्षक हेमराज सपरा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों, योग शिक्षकों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य योग के प्रचार-प्रसार, स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, संगठन को सुदृढ़ करने तथा समाज सेवा गतिविधियों को गति देने को लेकर विचार-विमर्श करना रहा। इस दौरान योग को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को नशामुक्ति के प्रति प्रेरित करने, महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित योग शिविर आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवनशैली का आधार है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। बैठक में सर्वसम्मति से सहयोग शिक्षक शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ा जाएगा। साथ ही नए योग शिक्षकों को प्रशिक्षित कर उन्हें समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर वैशाखी पर्व तथा भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। उपस्थित सदस्यों ने वैशाखी को खुशहाली, समृद्धि और परिश्रम का प्रतीक बताते हुए शुभकामनाएं दीं। वहीं डॉ. अंबेडकर के संघर्षमय जीवन, शिक्षा के प्रति समर्पण, सामाजिक न्याय एवं भारतीय संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। सभी ने उनके विचारों को अपनाने और समाज में समानता व भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। बैठक में महिला संरक्षक नीरज कटारिया, ग्रामीण प्रभारी माता छिंदर कौर, महिला तहसील प्रभारी गीता बेनीवाल, योग शिक्षिका नीतू वारया, अमनदीप कौर, संगठन मंत्री डॉ. राजगोपाल बेनीवाल, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद, वरिष्ठ समाजसेवी श्यामलाल जिंदल, योग शिक्षक भीम कानसारिया, अनिल सचदेवा, हुकुम सिंह, विजय गर्ग, मोनिका गर्ग, किरण शर्मा, मीनाक्षी कंसारिया, इंदू बंसल, संतो देवी, मंजू गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि पतंजलि योग परिवार भविष्य में अधिक से अधिक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित कर योग, स्वास्थ्य और संस्कारों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य निरंतर जारी रखेगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
