हनुमानगढ़। टाउन स्थित श्री नेहरू मॉडल सेकेंडरी स्कूल में पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूल डायरेक्टर रामकुमार रोकणा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रोजेक्ट्स, चार्ट्स और प्रस्तुतियों के माध्यम से पृथ्वी संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पृथ्वी ही हमारा एकमात्र ऐसा ग्रह है जो हमारी सभी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करता है, लेकिन आज अंधाधुंध पेड़ कटाई और बढ़ते प्रदूषण के कारण इसका अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय रहते यदि ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। अध्यापिका पूजा सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि केवल पौधारोपण पर्याप्त नहीं है, बल्कि पेड़ों की कटाई पर रोक लगाना ज्यादा जरूरी है। उन्होंने बताया कि अक्सर चार पेड़ काटकर एक पौधा लगाया जाता है, जो पर्यावरण संतुलन के लिए नाकाफी है। इसलिए हमें पहले से मौजूद पेड़ों को बचाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पर्यावरण संरक्षण की अनदेखी जारी रही, तो ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं और विकराल रूप ले सकती हैं। साथ ही ओजोन परत में हो रहे क्षरण के चलते मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और स्टाफ ने अधिकाधिक पौधारोपण करने, पेड़ों को बचाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रितू सहित स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
