गोलूवाला। सरस्वती मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा स्नेहा भाम्भू पुत्री रणवीर भाम्भू ने सीकर में आयोजित राजस्थान स्टेट अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पोल वॉल्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। स्नेहा की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार को विद्यालय पहुंचने पर प्रशासन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर स्नेहा का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के निदेशक मदन गोपाल शर्मा ने कहा कि स्नेहा ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि स्नेहा की सफलता विद्यालय की अन्य छात्राओं और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने स्नेहा को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के साथ छात्र-खिलाड़ी तथा स्नेहा के पिता रणवीर भाम्भू (पक्का भादवां) भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
