हनुमानगढ़। फाल्गुन ग्यारस के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा श्याम की भव्य 8वीं अरदास निशान यात्रा का आयोजन 27 फरवरी को किया जाएगा। यह भव्य धार्मिक आयोजन श्री खाटू श्याम दीवाने मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होगा। यात्रा शुक्रवार प्रातः 9 बजे दुर्गा मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ होगी। आयोजन को लेकर समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को समिति पदाधिकारियों ने प्रचार-प्रसार हेतु विधिवत पूजा के साथ प्रचार रथ को रवाना किया। समिति अध्यक्ष पवन वाट्स एवं सचिव लोकेश सहगल ने बताया कि निशान यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शंकर कॉलोनी स्थित बांके बिहारी मंदिर पहुंचेगी, जहां बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया जाएगा। श्रद्धालु वहां दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्याम भक्त हाथों में निशान लेकर शामिल होंगे। पूरे मार्ग में भक्ति संगीत, कीर्तन एवं जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। समिति की ओर से निशान उठाने वाले सभी श्रद्धालुओं को निःशुल्क निशान उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही प्रत्येक निशानधारी को निःशुल्क लक्की ड्रॉ कूपन भी प्रदान किया जाएगा। यात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए अटूट भंडारे की व्यवस्था की गई है। समिति के अनुसार इस वर्ष लक्की ड्रॉ का प्रथम पुरस्कार इलेक्ट्रिक स्कूटी रखा गया है, जबकि इसके अतिरिक्त 10 अन्य आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। लक्की ड्रॉ का आयोजन 27 फरवरी 2026 को रात्रि में बाबा श्याम फागोत्सव के अवसर पर कीर्तन स्थल श्री पीरखाना एवं मां भगवती सेवा समिति, बाबा श्याम सिंह कॉलोनी, हनुमानगढ़ जंक्शन में किया जाएगा। इस अवसर पर खाटू धाम के पूज्य गुरुदेव रमेश जी शर्मा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होगा। प्रचार रथ रवाना करते समय अध्यक्ष पवन वाट्स, सचिव लोकेश सहगल, कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, महासचिव लक्की जुनेजा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से निशान यात्रा में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।
