ऐलनाबाद। पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ बार काउंसिल के सदस्य पद के चुनाव को लेकर उम्मीदवारों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में हिसार जिला एवं सत्र न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता हरि सिंह सैनी ने अधिवक्ता साथियों से अपने समर्थन में मतदान करने की अपील की है। अधिवक्ता हरि सिंह सैनी ने कहा कि वे बार काउंसिल के सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में हैं और सभी वकील साथियों से अनुरोध है कि वे उन्हें प्रथम वरीयता (फर्स्ट प्रेफरेंस) का वोट देकर विजयी बनाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें मौका मिलता है तो वे वकीलों के हितों की रक्षा करने तथा उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि वकीलों के अधिकारों की रक्षा, उनकी सुविधाओं में बढ़ोतरी और पेशे से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। बार काउंसिल चुनाव को लेकर इन दिनों विभिन्न उम्मीदवारों द्वारा अधिवक्ताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाया जा रहा है और चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस अवसर पर अधिवक्ता सुरेंद्र नोखवाल, रामचंद्र और सतवीर सिंह सहित अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।
