बीकानेर। जिले में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चार पुलिस निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। यह आदेश जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 24 मार्च 2026 को जारी किया गया। आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेश में बताया गया है कि पुलिस निरीक्षक राकेश स्वामी, जो अब तक पुलिस थाना गजनेर में थानाधिकारी के पद पर कार्यरत थे, उनका स्थानांतरण पुलिस लाइन बीकानेर किया गया है। इसी प्रकार पुलिस निरीक्षक चंद्रजीत सिंह भाटी, जो पुलिस थाना रंजीतपुरा में थानाधिकारी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें भी पुलिस लाइन बीकानेर में पदस्थापित किया गया है।

वहीं, आईजी रेंज कार्यालय में संचित निरीक्षक के रूप में कार्यरत लक्ष्मण सिंह को रंजीतपुरा पुलिस थाने का नया थानाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन बीकानेर में तैनात ओमप्रकाश को गजनेर पुलिस थाने में थानाधिकारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में यह भी निर्देशित किया गया है कि सभी स्थानांतरित निरीक्षक बिना ज्वाइनिंग समय लिए तत्काल अपने-अपने नए पदस्थापन स्थल पर उपस्थित होकर कार्यभार संभालें। पुलिस विभाग के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा थानों में कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस मुख्यालय, आईजी रेंज सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

