चारणवासी/फेफाना। अंतरराज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार देर रात पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने हरियाणा सीमा से सटे फेफाना पुलिस थाने और रात्रिकालीन नाकों का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक दौरे से सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी और व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान थानाधिकारी नरेंद्र सहू ने एसपी को थाने की कार्यप्रणाली, क्षेत्र की भौगोलिक संवेदनशीलता तथा हाल के दिनों में सामने आई संदिग्ध गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। एसपी ने हरियाणा सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए निर्देश दिए कि सीमा से आने-जाने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की गहन जांच की जाए, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी के हर प्रयास को विफल किया जा सके। एसपी मीना ने हरियाणा की ओर से होने वाली चिट्टा, अफीम और मेडिकेटेड नशीली दवाओं की अवैध तस्करी पर सख्त अंकुश लगाने के लिए नाकेबंदी को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत होना बेहद जरूरी है। इसके लिए बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने और बीट कांस्टेबलों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने रात्रि गश्त के दौरान पुलिस जाब्ते को पूरी तरह सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के रिकॉर्ड और सुरक्षा उपकरणों का भी अवलोकन किया तथा मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। एसपी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण अपराध की संभावनाएं अधिक रहती हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना आवश्यक है। उन्होंने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए निष्पक्षता और दृढ़ता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। एसपी मीना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और सीमा क्षेत्र में 24 घंटे सघन निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
