डबली रठान। गांव डबली रठान में मनरेगा कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत डबली वास मालवी के मनरेगा श्रमिक बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। श्रमिकों का कहना है कि ग्राम पंचायत में करीब 3000 जॉब कार्ड बने हुए हैं, जिनमें से लगभग 1200 श्रमिक नियमित रूप से मनरेगा के तहत कार्य करते हैं, लेकिन वर्तमान पखवाड़े में पर्ची कटने के बावजूद उन्हें काम नहीं मिल रहा है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि गांव में मनरेगा के कार्य लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिसके कारण मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। इसी मांग को लेकर सभी मनरेगा श्रमिक ग्राम पंचायत डबली वास मालवी में एकत्रित हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए उप तहसील कार्यालय पहुंचे। इस दौरान श्रमिकों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि गांव में बंद पड़े मनरेगा कार्यों को तुरंत शुरू कराया जाए तथा श्रमिकों को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराया जाए। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि 1 तारीख से मनरेगा कार्य शुरू नहीं किए गए तो वे आगे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन में भारत की जनवादी नौजवान सभा के दिनेश मजोका, लाल सिंह, गुरबचन सिंह, सुखदेव सिंह, मुख्तियार कौर, वीरपाल कौर, बिमला, सुनीता, भवानी देवी, निर्मला, सुनील कुमार, लिछमा, हरभजन कौर, शकुंतला, पलो देवी, रानू बाई, गोमती, शिलाबाई, पिंगला, जोगिंदर कौर, सिंधु बाई, जसकरण सहित मनरेगा के सैकड़ों मजदूर उपस्थित रहे।
