चारणवासी। गांव मलवाणी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य दिनेश कुमार सोनी और राजाराम स्वामी ने की। समारोह में शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सरपंच माडूराम सहारण और पूर्व सरपंच ओंकार सिंह राठौड़ रहे। अतिथियों व विद्यालय स्टाफ ने कक्षा 10वीं की छात्रा ईशा पुत्री तोताराम मेघवाल (77.67 प्रतिशत) तथा नीलम कंवर पुत्री राजेन्द्र सिंह (70.80 प्रतिशत) को सम्मानित किया। वहीं कक्षा 12वीं (कला वर्ग) में खुशबू वर्मा (88.80 प्रतिशत), पूजा (88 प्रतिशत) और प्रीति (77.60 प्रतिशत) को माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रधानाचार्य दिनेश कुमार सोनी ने बताया कि कक्षा 10वीं में 19 तथा कक्षा 12वीं में 27 विद्यार्थी पंजीकृत थे और इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर खुशी जताते हुए इसका श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत को दिया। समारोह के अंत में प्रधानाचार्य ने ‘प्रवेशोत्सव अभियान’ के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में करवाने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित किया।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
