-‘महंगाई हटाओ, जनता बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस की सभा
हनुमानगढ़। बढ़ती महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को ग्राम पंचायत 6-8 एलएलडब्ल्यू में ‘महंगाई हटाओ, जनता बचाओ’ अभियान के तहत जनसभा आयोजित की गई। सभा में कांग्रेस नेताओं ने केन्द्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई। सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय आमजन को राहत देने वाली योजनाओं को वर्तमान सरकार कमजोर कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की आजीविका प्रभावित हो रही है। ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू ने आरोप लगाया कि केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारें जनकल्याणकारी योजनाओं को समाप्त करने की दिशा में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) जैसी योजना ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन इसे नए नामों से प्रस्तुत कर इसकी मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है। वक्ताओं ने एलपीजी गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और समय पर उपलब्धता की कमी को भी गंभीर समस्या बताया। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की किल्लत से आमजन, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने केन्द्र सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी करने और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी, कृष्ण जैन, संगठन महामंत्री गुरमीत चन्दड़ा, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष भानी बगड़िया, मण्डल अध्यक्ष अनिल भाम्भू, सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, विजेंद्र साईं, विनोद गोदारा, गुलाब सिंह, इकबाल खान, सुबान खान, गुरविंद्र सिंह, हरमीत धालीवाल, कुलदीप नैण, भूप पचार, बलराज सिंह, पाल सिंह, रणवीर सिहाग, विकास सैनी, शाहरुख, रोहिताश ज्याणी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
