– तीन दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो धरने की चेतावनी
हनुमानगढ़। महिला थाना में दर्ज छेड़छाड़ और मारपीट के एक मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित पक्ष, आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जांच अधिकारी बदलने तथा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो महिला थाना के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार ने बताया कि डबलीवास मौलवी निवासी महिला ने महिला थाना में शहनाज, असलम, पोपी, नाजिया, शरीफ तथा दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़, कपड़े फाड़ने, मारपीट तथा नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद भी जांच अधिकारी द्वारा अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता ने पूर्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जांच किसी अन्य निष्पक्ष उच्च अधिकारी को सौंपने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अब तक जांच अधिकारी नहीं बदला गया। पीड़ित पक्ष ने वर्तमान जांच से असंतोष जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी को सौंपने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा विधिसम्मत कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी तीन दिनों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो महिला थाना के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
