टिब्बी। क्षेत्र के समीपवर्ती गांव मिर्जावालीमेर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही भव्य अभिभावक-शिक्षक बैठक एवं छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के भामाशाहों, गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों तथा विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को उनकी अंक तालिकाएं वितरित की गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह का मुख्य आकर्षण माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान अजमेर द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में विद्यालय के छात्र लोकेश की शानदार उपलब्धि रही। लोकेश ने बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे गांव को गौरवान्वित किया। इस विशेष अवसर पर मेधावी छात्र लोकेश का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।

उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद कुमार तनान ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय स्टाफ की कड़ी मेहनत और विद्यार्थियों की लगन के परिणामस्वरूप यह सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि से उत्साहित अभिभावकों ने भी विद्यालय के शिक्षकों का सार्वजनिक रूप से सम्मान करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार के उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रोत्साहित किया।
