– स्वतंत्रता दिवस से पूर्व केआर कॉन्वेंट स्कूल में देशभक्ति कार्यक्रमों की श्रृंखला; कृतिका, हितांशी, जिया, गर्विता व वंशिका के निबंध श्रेष्ठ
संगरिया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में केआर कॉन्वेंट स्कूल, संगरिया में चल रहे देशभक्ति कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को ‘युवा भारत, नई सोच’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं कला वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय निदेशक अमन शर्मा ने बताया कि व्याख्याता सुखमीत कौर के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने युवा शक्ति, अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों में कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, गणित, वास्तुकला, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसमें युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विद्यार्थियों ने लिखा कि युवाओं की सोच रचनात्मक होती है और वे नए प्रयोग करने से पीछे नहीं हटते। युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र के निर्माण एवं उसके सर्वांगीण विकास का प्रमुख आधार है। देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं का सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है। प्रतियोगिता में कृतिका, हितांशी, जिया, गर्विता एवं वंशिका के निबंध श्रेष्ठ चुने गए। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को चित्रा गोदारा ने सम्मानित किया। विद्यालय सचिव राजेश गोदारा ने विद्यार्थियों को सद्मार्ग पर चलने, जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक बनने तथा राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में देशभक्ति, रचनात्मकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।
