हनुमानगढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में माय भारत केंद्र हनुमानगढ़ द्वारा चलाए जा रहे माय भारत युवा मंडल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में युवाओं को संगठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान 24 फरवरी से 28 फरवरी तक सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़े स्वयंसेवक मोहित इंसा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत हनुमानगढ़ जिला के विभिन्न ब्लॉकों एवं गांवों में कुल 75 नए युवा मंडलों का गठन किया जाना प्रस्तावित है। इसी क्रम में कई गांवों में युवाओं को संगठित कर नई युवा इकाइयों की स्थापना की गई। कार्यक्रम के तहत मुंडा, भुनावाली, ढाणी मसीतवाली, रामपुरा उर्फ रामसरा, डबली कला, मोहनमगरिया, रणजीतपुरा, मैनावाली, 22 एनडीआर, किशनपुरा सहित अन्य गांवों में युवा मंडलों का गठन किया गया। इन मंडलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को सामाजिक गतिविधियों, राष्ट्र निर्माण और सामुदायिक विकास से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर योगेश भाटी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को एक संगठित मंच प्रदान करना है, जिससे वे सामाजिक जागरूकता, खेल गतिविधियों, कौशल विकास एवं स्वैच्छिक सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक सोच का विकास हो रहा है, जो भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। कार्यक्रम के दौरान मोहित भाटीवाल, सेवन भाटीवाल, कर्ण, सुमित नोखवाल, मोहित वर्मा, महेंद्र वर्मा, नितिन स्वामी, गौरव सैन, लिच्छुराम, यशपाल गोदारा, अक्षय, चन्द्रभान, राजू सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई।
