हनुमानगढ़। राजस्थान की मिनी सब-जूनियर (14 वर्ष) हॉकी टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए लखनऊ रवाना हो गई। टीम को हनुमानगढ़ से मैनेजर मोहम्मद हनीफ तथा कोच रमेश और राजपाल ढाका के नेतृत्व में रवाना किया गया। राजस्थान टीम का पहला मुकाबला 6 फरवरी को खेला जाएगा। हनुमानगढ़ जिला हॉकी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसोसिएशन के सुनील भारद्वाज ने बताया कि 23 से 25 जनवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय मिनी सब-जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में राजस्थान के 16 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया था।

इस प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि फलौदी की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने वाले 16 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन राजस्थान हॉकी फेडरेशन और हनुमानगढ़ जिला हॉकी एसोसिएशन की ओर से किया गया। चयनित खिलाड़ियों का 27 जनवरी से 2 फरवरी तक राष्ट्रीय पूर्व प्रशिक्षण शिविर रावतसर तहसील के निरवाल गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुआ। यह शिविर कोच शेर सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। निरवाल गांव के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य नेहरा को राजस्थान टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनकर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
