हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय हनुमानगढ़ के 20 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी में आयोजित पांच दिवसीय इनोवेशन, डिजाइन एवं एंटरप्रेन्योरशिप बूटकैम्प (संस्करण 3, चरण 2) को सफलतापूर्वक पूरा कर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम 20 से 24 अप्रैल तक अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद और शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। इस बूटकैम्प में देशभर से लगभग 200 छात्र-छात्राएं, स्टार्टअप टीमें और नवाचार में रुचि रखने वाले युवा शामिल हुए। एसकेडी यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में न केवल सक्रिय भागीदारी निभाई, बल्कि अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क कौशल का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को डिजाइन थिंकिंग, प्रोडक्ट डिजाइन, एर्गोनॉमिक्स, प्रोटोटाइप डेवलपमेंट और स्टार्टअप स्थापना की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। छात्र-छात्राओं को वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार आधारित दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं वाधवानी फाउंडेशन और एसबीआई फाउंडेशन के अनुभवी मेंटर्स, उद्योग विशेषज्ञों एवं उद्यमियों के साथ संवाद ने स्टार्टअप की वास्तविक चुनौतियों और बाजार की आवश्यकताओं को समझने में महत्वपूर्ण मदद प्रदान की। बूटकैम्प का अंतिम दिन पिच प्रेजेंटेशन सत्र के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने अभिनव बिजनेस आइडियाज को वेंचर कैपिटलिस्ट्स और निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और छात्र-छात्राओं को कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का केन्द्र नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं को दिशा देने वाला एक मजबूत मंच है। विभागाध्यक्ष डॉ. विनय भट्ट ने कहा कि डिजाइन थिंकिंग एवं प्रोडक्ट डिजाइन जैसे आधुनिक विषयों का प्रशिक्षण छात्र-छात्राओं के करियर निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। संकाय समन्वयक विक्रम मंगवाना एवं सूरज सिंह ने कहा कि इस बूटकैम्प ने छात्र-छात्राओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रस्तुति कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
