हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के निवासी एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरा ताइक्वांडो खिलाड़ी संदीप सिंह मान ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। बेंगलुरु के कोरमंगला में 28 और 29 मार्च 2026 को आयोजित चौथी राष्ट्रीय पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। प्रतियोगिता में देशभर से आए पैरा ताइक्वांडो खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। ऐसे में संदीप सिंह मान ने अपने अनुभव और दमदार तकनीक के बल पर शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और रजत पदक जीतकर राजस्थान का गौरव बढ़ाया। यह उनके करियर का कुल 48वां राष्ट्रीय पदक है। खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर यह उनका पहला रजत पदक भी है, जिसने उनकी उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

इस शानदार प्रदर्शन के दम पर संदीप सिंह मान ने एशियन पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप (मंगोलिया) और पैरा एशियन गेम्स क्वालीफिकेशन राउंड के लिए भी सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है। खेल विशेषज्ञों के अनुसार यह उपलब्धि उनके करियर के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनसे पदक की मजबूत उम्मीद जताई जा रही है। संदीप सिंह मान का खेल करियर बेहद शानदार रहा है। अब तक वे 60 अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर भारत का नाम वैश्विक मंच पर रोशन कर चुके हैं। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने पैरा ताइक्वांडो में एक मजबूत पहचान बनाई है। खेल क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2016 में अर्जुन पुरस्कार, 2012 में महाराणा प्रताप पुरस्कार, 2018 में अरावली पुरस्कार तथा हाल ही में 2025 में सवाई अवॉर्ड से उन्हें नवाजा गया। संदीप सिंह मान की इस उपलब्धि से हनुमानगढ़ सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें इस सफलता के लिए बधाई देते हुए भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने की शुभकामनाएं दी हैं। खेल जगत को उम्मीद है कि संदीप आने वाले समय में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाते रहेंगे।
