-बैटल ऑफ ब्रेन्स में रुद्राक्ष का दम, डांस प्रतियोगिता में सीरत चौधरी फर्स्ट रनरअप
हनुमानगढ़। जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर के मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए हनुमानगढ़ का नाम रोशन किया है। ‘बैटल ऑफ ब्रेन्स’ सीजन-12 के ग्रैंड फाइनल में हनुमानगढ़ के छात्र रुद्राक्ष चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं इसी आयोजन के तहत आयोजित ‘किसमें कितना है दम’ डांस प्रतियोगिता में सीरत चौधरी ने भी बेहतरीन प्रस्तुति देकर प्रथम रनरअप का स्थान प्राप्त किया। जानकारी के अनुसार रुद्राक्ष चौधरी कक्षा 9 के छात्र हैं। उन्होंने अपनी तेज बुद्धि, तर्कशक्ति और विषय ज्ञान के दम पर प्रतियोगिता में अन्य प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता बनने पर उन्हें ट्रॉफी, विजेता प्रमाण पत्र और 5100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। रुद्राक्ष के पिता महेंद्र कड़वा हैं, जबकि उनकी माता संदीप कौर पक्काभादवां में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। रुद्राक्ष वर्तमान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रेजीडेंसी, पक्कासहारणा के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि रुद्राक्ष शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय भाग लेते रहे हैं। वहीं इसी कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ‘किसमें कितना है दम’ डांस प्रतियोगिता में 9 से 12 वर्ष आयु वर्ग में सीरत चौधरी ने शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर प्रथम रनरअप का स्थान प्राप्त किया। उनके प्रदर्शन को निर्णायकों और दर्शकों ने खूब सराहा। सीरत भी महेंद्र कड़वा और संदीप कौर की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय स्टाफ, परिजनों और क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजकों के अनुसार ऐसे मंच बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। दोनों भाई-बहन की इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले का गौरव बढ़ा है।
